Ujjain

श्री महाकाल महालोक में स्थापित होंगी पत्थर और मेटल की 92 प्रतिमाएं

उज्जैन। संभागायुक्त सह सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह एवं कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने शुक्रवार को नियमित निरीक्षण के दौरान श्री महाकालेश्वर महालोक में स्थापित की जाने वाली पत्थर एवं मेटल की प्रतिमाओं के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इसके साथ ही उन्होंने डी मार्ट के सामने निर्माणाधीन नवीन सड़क मार्ग एवं शिप्रा नदी पर निर्माणाधीन ब्रिज के कार्यों का भी जायजा लिया। संभागायुक्त श्री सिंह ने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसियों को कार्यों में गति लाने के साथ गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
संभागायुक्त आशीष सिंह एवं कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने विक्रम नगर मार्ग स्थित प्रतिमा निर्माण कार्यशाला का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि श्री महाकाल महालोक में स्थापित करने के लिए कुल 92 प्रतिमाएं तैयार की जा रही है, जिनमें 35 पत्थर की तथा 57 मेटल की प्रतिमाएं शामिल है। प्रतिमा निर्माण से पहले भगवान के स्वरूप का स्केच विशेषज्ञों की समिति के माध्यम से अनुमोदित किया जाता है। इसके बाद स्वीकृत स्केच के अनुरूप प्रतिमाओं को आकार दिया जाता है। कार्यशाला में तैयार की जा रही प्रतिमाएं पुराणों में वर्णित स्वरूप एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर बनाई जा रही है। प्रतिमा निर्माण का कार्य उज्जैन के साथ ही ग्वालियर एवं जयपुर में भी किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त श्री सिंह ने प्रतिमा निर्माण में लगे कारीगरों की आवश्यकताओं की जानकारी ली।
इसके बाद संभागायुक्त एवं कलेक्टर ने डी मार्ट के सामने निर्माणाधीन नवीन सड़क मार्ग का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि नवीन सड़क की लंबाई लगभग 900 मीटर तथा चौड़ाई 18 मीटर है। संभागायुक्त श्री सिंह ने मौके पर उपस्थित संबंधित एजेंसी के इंजीनियरों को निर्देश दिए कि बारिश का दौर कम होने के बाद सड़क निर्माण के शेष कार्य को अब तेज गति से पूर्ण किया जाए। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बारिश के पानी की निकासी के लिए पर्याप्त एवं प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए, ताकि भविष्य में मार्ग पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। संभागायुक्त श्री सिंह एवं कलेक्टर श्री सिंह ने शिप्रा नदी पर निर्माणाधीन ब्रिज के कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। संभागायुक्त श्री सिंह ने निर्देश दिए कि वर्षा काल के बाद अब ब्रिज निर्माण कार्य में गति लाई जाए। उन्होंने निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ निर्धारित गति से आगे बढ़ाने तथा कार्य में अनावश्यक विलंब नही होने देने के निर्देश दिए। संभागायुक्त श्री सिंह ने कहा कि सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के दृष्टिगत शहर में संचालित विकास एवं निर्माण कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करना प्राथमिकता है।

Dr. Sanjay Nagar

Author & Co-Founder Takshit News

Related Articles

Back to top button