Ujjain

मार्ग चौड़ीकरण और ब्रिज निर्माण को समय-सीमा में करें पूरा : संभागायुक्त


गदापुलिया अंडरपास, रविशंकर नगर-भगत सिंह मार्ग चौड़ीकरण और हरिफाटक ब्रिज की तीसरी भुजा का किया निरीक्षण
उज्जैन। सिंहस्थ-2028 के मद्देनजर उज्जैन में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रस्तावित महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों को गति देने की कवायद तेज हो गई है। इसी क्रम में बुधवार को संभागायुक्त एवं सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह तथा कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम द्वारा प्रस्तावित रविशंकर नगर-भगत सिंह मार्ग चौड़ीकरण, गदापुलिया चौराहे पर अंडरपास निर्माण तथा हरिफाटक ब्रिज की तीसरी भुजा के निर्माण कार्यों की प्रगति एवं कार्ययोजना की समीक्षा की गई। इस दौरान नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और इंजीनियर उपस्थित रहे।
विभागीय समन्वय से दूर करें बाधाएं, निर्माण कार्यों को दें गति
संभागायुक्त आशीष सिंह ने निर्देश दिए कि सभी निर्माण एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्माण कार्यों की गति बढ़ाएं, ताकि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार सिंहस्थ-2028 से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य समय-सीमा में पूरे हो सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि तकनीकी अथवा विभागीय समस्याओं के कारण किसी भी निर्माण कार्य में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। ऐसी स्थिति में संबंधित विभागों से तत्काल समन्वय स्थापित कर समस्या का निराकरण किया जाए।
गदापुलिया अंडरपास और मार्ग चौड़ीकरण की समीक्षा
संभागायुक्त ने पीडब्ल्यूडी सिंहस्थ डिवीजन द्वारा प्रस्तावित गदापुलिया चौराहे के अंडरपास निर्माण की वर्तमान स्थिति एवं आगामी कार्ययोजना की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि अंडरपास की योजना इस तरह तैयार की जाए, जिससे यातायात का सुचारु संचालन सुनिश्चित हो और सिंहस्थ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं के साथ स्थानीय नागरिकों को भी आवागमन में सुविधा मिले।
इसके बाद गदापुलिया से रविशंकर नगर-भगत सिंह मार्ग तक प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया गया। संभागायुक्त ने संबंधित अधिकारियों से कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए आवश्यक प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी कर निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
हरिफाटक ब्रिज की तीसरी भुजा और रोटरी निर्माण का लिया जायजा
संभागायुक्त एवं कलेक्टर ने एमपीआरडीसी द्वारा कराए जा रहे हरिफाटक ब्रिज की तीसरी भुजा के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। इस दौरान ब्रिज के नीचे प्रस्तावित रोटरी निर्माण की ड्राइंग का अवलोकन कर कार्य की प्रगति और आगामी कार्ययोजना की जानकारी प्राप्त की गई।
संभागायुक्त ने निर्देश दिए कि ब्रिज एवं अंडरपास निर्माण से संबंधित कार्यों में रेलवे सहित सभी संबंधित विभागों से आवश्यक समन्वय स्थापित किया जाए। निर्माण कार्यों के लिए जरूरी अनुमतियों, तकनीकी स्वीकृतियों और अन्य प्रक्रियाओं का समय रहते निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि काम की गति प्रभावित न हो।
उन्होंने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने और निर्माण एजेंसियों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान कर कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के लिए गंभीरता से प्रयास किए जाएं।
निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त संतोष टैगोर, एमपीआरडीसी के दीपक शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, इंजीनियर एवं निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Dr. Sanjay Nagar

Author & Co-Founder Takshit News

Related Articles

Back to top button