Ujjain

दीपावली की रात शहर की सड़कों पर निकले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, नागरिकों को मिठाई खिलाकर दी शुभकामनाएं


उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीपावली की रात उज्जैन शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर नागरिकों से आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने नागरिकों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और मिठाई खिलाकर पर्व की खुशियां साझा कीं। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर नागरिकों में खासा उत्साह दिखाई दिया। जगह-जगह फूल-मालाओं से उनका आत्मीय स्वागत किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ फोटो खिंचवाने के लिए लोगों में होड़ लगी रही।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने फ्रीगंज, शहीद पार्क, टावर चौक, तंबाकू बाजार, संदीपनि चौराहा से लेकर माता मंदिर चौराहा सहित विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण किया। उन्होंने रास्ते में मिलने वाले नागरिकों, व्यापारियों और दुकानदारों से मुलाकात कर दीपावली की शुभकामनाओं का आदान-प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने बच्चों को स्नेह और दुलार देते हुए आशीर्वाद भी दिया। नागरिकों ने भी मुख्यमंत्री को मिठाई खिलाकर दीपावली की खुशियां साझा कीं।
फ्रीगंज क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने दिव्यांग प्रजापति दंपति से आत्मीयता के साथ चर्चा कर उनकी कुशलक्षेम पूछी और उन्हें मिठाई भेंट की। भ्रमण के दौरान वे गन्ने के रस की दुकान पर भी रुके। यहां उन्होंने गन्ने का रस पिया तथा दुकानदार मोहन और ललित भाटी को रस का मूल्य भी चुकाया। इस क्षेत्र में मुस्लिम समाज के नागरिकों ने भी मुख्यमंत्री का स्वागत और अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री स्थानीय सिख गुरुद्वारे में पहुंचे, जहां उन्होंने मत्था टेककर गुरु साहिब का आशीर्वाद लिया। गुरुद्वारा प्रबंधन समिति ने उनका स्वागत एवं सम्मान किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अपने उद्बोधन में गुरुजी की महिमा का वर्णन किया। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने एक अस्पताल पहुंचकर वहां की चिकित्सा व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली।
शहर भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न दुकानों और प्रतिष्ठानों के संचालकों से मुलाकात कर दीपावली की बधाई दी। उन्होंने बाजार क्षेत्र में कार्यरत स्वच्छता मित्रों का सम्मान करते हुए उन्हें दीपावली की मिठाई और उपहार प्रदान किए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने श्री गणेश मंदिर और चामुंडा माता मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया तथा प्रदेशवासियों और उज्जैन के नागरिकों की सुख-समृद्धि की कामना की।

Dr. Sanjay Nagar

Author & Co-Founder Takshit News

Related Articles

Back to top button