उज्जैन पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, दिवंगत विनोद कुमार की अंतिम यात्रा में हुए शामिल
पार्षद स्व. माया त्रिवेदी के निधन पर भी जताया शोक, परिजनों को दी सांत्वना
उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए हेलीकॉप्टर से उज्जैन पहुंचे। हेलीपैड पर मुख्यमंत्री डॉ यादव की जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने अगवानी की।
इस अवसर पर विधायक बड़नगर जितेन्द्र पण्डया, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कमला कुंवर,संभागायुक्त आशीष सिंह, एडीजी राकेश गुप्ता,डी आई जी नवनीत भसीन,कलेक्टर रौशन कुमार सिंह,एस पी प्रदीप शर्मा सहित जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने स्व. विनोद कुमार को दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सरदारपुरा स्थित आराधना भवन पहुंचकर दिवंगत समाजसेवी विनोद कुमार के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी एवम अंतिम यात्रा में शामिल होकर उनकी अर्थी को कंधा दिया।
आराधना भवन में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, सतीश मालवीय, चिंतामणि मालवीय, नगर निगम अध्यक्ष श्रीमती कलावती यादव, मध्यप्रदेश हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष ओम जैन, उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रवि सोलंकी, सिंहस्थ मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल, संजय अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधियों ने दिवंगत विनोद कुमार के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने पार्षद स्व. माया त्रिवेदी के निवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन प्रवास के दौरान वार्ड क्रमांक-22 की पार्षद स्व. माया राजेश त्रिवेदी के कार्तिक चौक स्थित निवास पहुंचकर उनके आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्व. माया त्रिवेदी के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शोकाकुल परिवारजनों से भेंट कर उन्हें सांत्वना दी उन्होंने दिवंगत माया त्रिवेदी के निधन पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने तथा शोक संतप्त परिवार को यह अपार दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।