नगर निगम लगाएगा 10 लाख पौधे, नवंबर 2027 में दिखेगा शहर का निखरा और विकसित स्वरूप
नगर निगम लगाएगा 10 लाख पौधे, नवंबर 2027 में दिखेगा शहर का निखरा और विकसित स्वरूप
उज्जैन। शहर में चल रहे चौड़ीकरण एवं अन्य विकास कार्यों के कारण जनता को परेशानी जरूर हो रही है, लेकिन नगर निगम का अमला भी दिन-रात निर्माण कार्यों को गति देने में जुटा है। इन विकास कार्यों का परिणाम नवंबर 2027 तक विकसित और निखरे हुए उज्जैन के रूप में दिखाई देगा। चौड़ीकरण की जद में आकर प्रभावित हुए वृक्षों की भरपाई के लिए नगर निगम ने शहर में 10 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस अभियान में शहरवासियों का सहयोग अपेक्षित है।
यह बात नगर निगम उपायुक्त रविंद्र पटेल ने पत्रकार वार्ता में कही। उन्होंने शहर के सकारात्मक एवं व्यवस्थित विकास को लेकर पत्रकारों से सुझाव भी लिए।
सहमति और समन्वय से होगा धर्मस्थलों पर निर्णय
चौड़ीकरण की जद में आ रहे धर्मस्थलों के संबंध में उपायुक्त रविंद्र पटेल ने कहा कि सभी पक्षों की सहमति और आपसी समन्वय से इस संबंध में निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के साथ जनभावनाओं का भी ध्यान रखा जाएगा।
10 लाख पौधों का होगा सघन पौधारोपण
उपायुक्त ने बताया कि नगर निगम द्वारा शहर में सघन पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा और लगभग 10 लाख पौधे रोपे जाएंगे। शहर की सामाजिक संस्थाएं एवं इच्छुक व्यक्ति इस अभियान में सहयोग कर सकते हैं। नगर निगम की ओर से उन्हें पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके लिए महापौर बंगले पर भी पौधे उपलब्ध हैं।
जल संरक्षण पर भी विशेष ध्यान
जल संरक्षण के संबंध में उन्होंने बताया कि शहर में कई स्थानों पर पानी के पुनर्भरण के लिए साक पिट बनाए गए हैं। ऐसे स्थानों को प्राथमिकता दी गई है, जहां वर्षा के दौरान अधिक मात्रा में पानी एकत्रित होता है। इससे बारिश के पानी का बेहतर उपयोग और भूजल स्तर को बढ़ाने में मदद मिलेगी।
श्वान समस्या के समाधान की तैयारी
शहर में बढ़ रही श्वान की समस्या को लेकर उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन के सहयोग से इस समस्या का समाधान किया जाएगा। सदावल रोड पर निर्मित डॉग होम में श्वानों को रखने की व्यवस्था की जाएगी।
चौड़ीकरण कार्यों में तेजी
चौड़ीकरण कार्यों की जानकारी देते हुए उपायुक्त ने बताया कि ढाबा रोड से सत्यनारायण मंदिर तक का कार्य व्यवस्थित रूप से पूर्ण हो चुका है। इसके अगले चरण में सती गेट वाला मार्ग लगभग 10 दिन में पूर्ण कर लिया जाएगा।
पत्रकारों के सुझावों पर होगा अमल
नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी पवन कुमार ने कहा कि पत्रकार वार्ता के दौरान पत्रकारों से प्राप्त सुझावों को नोट कर लिया गया है। शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं से जुड़े इन सुझावों पर प्राथमिकता के आधार पर अमल किया जाएगा।