निगम ने चलाई 1.5 क्विंटल डिस्पोजल ग्लास पर जेसीबी
उज्जैन। शहर को स्वच्छ एवं सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में नगर निगम स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में गुरुवार को इंदौर गेट स्थित एक दुकान से जब्त की गई लगभग 1.5 क्विंटल से अधिक प्रतिबंधित डिस्पोजल ग्लास को एमआर-5 स्थित ट्रांसफर स्टेशन पर जेसीबी मशीन की सहायता से पूर्ण रूप से नष्ट किया गया। जब्त की गई सामग्री का बाजार मूल्य लगभग 65 हजार रुपए से अधिक है।
स्वास्थ्य विभाग की कार्यवाही के दौरान प्रतिबंधित डिस्पोजल ग्लास के 8 से अधिक बड़े बॉक्स जब्ती में लिए गए थे। जब्त सामग्री को निर्धारित प्रक्रिया के तहत नष्ट किया गया, ताकि प्रतिबंधित डिस्पोजल सामग्री का पुनः उपयोग अथवा बाजार में वितरण न हो सके।
दुकानदारों पर भी की गई चालानी कार्यवाही
कार्यवाही के दौरान इंदौर गेट से देवास गेट बस स्टेशन तक क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। इस दौरान सार्वजनिक स्थान पर गंदगी करते पाए गए दुकानदारों के विरुद्ध चालानी कार्यवाही करते हुए लगभग 12 हजार रुपए से अधिक का जुर्माना वसूला गया।
उक्त कार्यवाही उपायुक्त संजेश गुप्ता के मार्गदर्शन में की गई।