Ujjainसिंहस्थ 2028

शांति पेलेस से नानाखेड़ा मार्ग आवागमन के लिए 28 अगस्त से खुलेगा

उज्जैन। संभागायुक्त एवं सिंहस्थ मेला अधिकारी श्री आशीष सिंह ने बुधवार को सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के अंतर्गत निर्माणाधीन विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक में निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता, समय-सीमा तथा वर्षा ऋतु के दौरान अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों पर विस्तृत चर्चा की गई। समीक्षा के दौरान नगर निगम कमिश्नर अभिलाष मिश्रा ने बताया कि 28 अगस्त से शांति पेलेस से नानाखेड़ा मार्ग पर आवागमन शुरू हो जाएगा, जिससे वाहन अब सीधे नानाखेड़ा से इंदौर रोड पर आ सकेंगे । वाहनों को अब लाल गेट से घूमकर नहीं आना पड़ेगा। समीक्षा बैठक में संभागायुक्त श्री सिंह ने निर्देश दिए कि सभी संबंधित विभाग प्रमुख निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी अपडेट रखें। निर्माण कार्यों के थर्ड पार्टी निरीक्षण के लिए नियुक्त एजेंसी को निरीक्षण के दौरान चाहे जाने पर जानकारी उपलब्ध करवाये। बैठक में कलेक्टर रौशन कुमार सिंह उपस्थित रहे।
सिंहस्थ मेला कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में उज्जैन विकास प्राधिकरण, नगर निगम एवं स्मार्ट सिटी के निर्माणाधीन कार्यों,सड़क चौड़ीकरण, नवीन मार्ग निर्माण ,पार्किंग तथा अन्य आधारभूत विकास कार्यों की प्रगति का विभागवार प्रस्तुतिकरण किया गया। संभाग आयुक्त श्री सिंह ने सभी निर्माण एजेंसियों को निर्देशित किया कि जहां आवश्यकता हो, वहां हार्ड बैरिकेडिंग, पर्याप्त चेतावनी संकेतक एवं अन्य सुरक्षा उपाय तत्काल सुनिश्चित किए जाएं, ताकि श्रमिकों, आम नागरिकों, राहगीरों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी प्रकार की चूक न हो।
संभागायुक्त श्री सिंह ने निर्माण सामग्री के नमूनों की नियमित जांच, तकनीकी मानकों के अनुरूप कार्य निष्पादन तथा गुणवत्ता नियंत्रण की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में उज्जैन शहर के सौंदर्यीकरण कार्य की योजना पर भी चर्चा की गई।
बैठक में उज्जैन विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप सोनी, सी ई ओ जिला पंचायत श्रेयांस कुमट, सी ई ओ स्मार्ट सिटी संदीप शिवा, सहायक मेला अधिकारी संदीप सिंह सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Dr. Sanjay Nagar

Author & Co-Founder Takshit News

Related Articles

Back to top button