मार्ग चौड़ीकरण कार्य में सड़क का लेबल एक जैसा रखें- संभागायुक्त
संभागायुक्त और कलेक्टर ने मार्ग चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया
उज्जैन। सिंहस्थ महापर्व-2028 को लेकर शहर में चल रहे मार्ग चौड़ीकरण एवं सड़क विकास कार्यों की गति और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए संभागायुक्त-सह-सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह एवं कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने बुधवार को निर्माणाधीन कार्यों का मौके पर निरीक्षण किया। इस दौरान नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी एवं इंजीनियर मौजूद रहे।
संभागायुक्त एवं कलेक्टर ने नियमित निरीक्षण के तहत नानाखेड़ा से शांति पैलेस चौराहा, शांतिनगर से नीलगंगा चौराहा तथा शांतिनगर से मंछामन होते हुए इंदौर रोड तक पैदल भ्रमण कर मार्ग चौड़ीकरण एवं सड़क विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
काम में देरी पर जताई नाराजगी
नानाखेड़ा से शांति पैलेस चौराहे तक निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण करते हुए संभागायुक्त आशीष सिंह ने सड़क का लेवल एक समान रखने तथा निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके बाद शांतिनगर से नीलगंगा चौराहे तक मार्ग का निरीक्षण किया गया। कई स्थानों पर मिट्टी के ढेर और गड्ढों के कारण आमजन को हो रही परेशानी को देखते हुए संभागायुक्त ने तत्काल मिट्टी हटाने, गड्ढों का भराव करने और आवागमन सुचारु बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने मार्ग पर नाले के पानी की उचित निकासी सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम के इंजीनियरों को भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
नानाखेड़ा-भरतपुरी एमआर-2 मार्ग की भी समीक्षा
संभागायुक्त ने नानाखेड़ा चौराहा से भरतपुरी एमआर-2 मार्ग के विकास कार्य की कार्ययोजना की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के मद्देनजर शहर में चल रहे सभी निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी आवश्यक है। अधिकारी एवं इंजीनियर कार्यस्थल पर उपस्थित रहकर निर्माण की सतत निगरानी करें और कार्यों की गति बढ़ाएं।
संभागायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं, ताकि सिंहस्थ के दौरान श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को बेहतर और सुगम यातायात व्यवस्था उपलब्ध हो सके।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम के अपर आयुक्त संतोष टेगौर, नगर निगम के इंजीनियर तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।