तक्षित साहित्य धारा

फर्क


फर्क
डॉ.वंदना गुप्ता
गाड़ी के पहिए सड़क पर घूम रहे थे और विशाल का मन अतीत की गलियों में।
उसे याद आया कि कैसे बेटी गार्गी के हर पुरस्कार पर वह और सुम्मी गर्व से भर उठते थे। कैसे सुम्मी ने नौकरी के बावजूद परिवार को समय देकर गार्गी को सँवारा।
गार्गी ने एम.बी.ए. किया और विवाह के समय उसकी पसंद को विशाल की पसंद बनाने में भी सुम्मी को काफी मशक्कत करनी पड़ी। गौरव के पिता का आर्थिक स्तर ही एकमात्र माइनस पॉइंट था, लेकिन गार्गी और गौरव का प्यार, उनका बौद्धिक स्तर और सुम्मी के अकाट्य तर्क उस कमी पर भारी पड़े,
“इकलौती बेटी है, हमारा सब कुछ तो उसी का है। इसी शहर में रहेगी तो हमें भी सहारा मिलेगा। वक़्त के साथ पैसा कमाया जा सकता है, प्यार नहीं…”
शादी में जी खोलकर खर्च किया था उन्होंने। एम.बी.ए. दामाद को सुपर मेगा स्टोर खोलने में तन-मन-धन से सहयोग भी दिया। जल्दी ही बेटी और दामाद ने धन के साथ ख्याति भी अर्जित कर ली। गौरव अपने माता-पिता की तरह ही सुम्मी और विशाल को भी पूरा अधिकार और सम्मान देता।
“रिटायरमेंट के बाद यहीं समय और ऊर्जा खपाएँगे” उसने सुम्मी से कहा था।
“यह बेटी का घर है, हमें यह बात याद रखनी चाहिए।” सुम्मी की इस बात पर वह उसकी नादानी पर खूब हँसा था…
“किस जमाने की बात कर रही हो तुम? जब गौरव ही फर्क नहीं करता तो गार्गी तो हमारी अपनी बेटी है।”
लेकिन आज… समधी जी ने स्टोर की शेल्फ से एक एनर्जी ड्रिंक की बॉटल उठाते हुए कहा कि “यह हमारी उम्र वालों के लिए वरदान है, आप भी ट्राय करना।” उत्सुकतावश विशाल ने भी एक बॉटल ले ली। कॉउंटर पर बिल देखकर वह चौंका और समधी जी की ओर देखा। सेल्समैन ने तुरंत कहा कि…
“उनका तो हक है, उनका बेटा स्टोर का मालिक है।”

Dr. Sanjay Nagar

Author & Co-Founder Takshit News

Related Articles

Back to top button