पथ बोध

पथ बोध
-जीवन प्रकाश आर्य
तुम लौट जाओ मित्र,
कैसे साथ दोगे?
इस कंटीले मार्ग पर,
तुम चल सकोगे?
गुदगुदे आधार के
अभ्यस्त हो तुम,
कमल के अवलंबनोें में
व्यस्त हो तुम।
तुम्हें, यह पथ,
लग रहा, बीहड़, भयानक,
किन्तु
इस पर ही चला हूँ
मैं अभी तक।
मित्र,
मेरे साथ
तुम कैसे चलोगे?
क्या
विजन पथ की
विजनता से लड़ोगे? ?
इस कंटीले मार्ग पर
लिखा हुआ है।
इसी के सान्निध्य में
विकसित हुआ है।
स्वयं का
भोगा हुआ इतिहास !
अग्नि जैसी क्षुधा,
और लपलपाती प्यास।
पदतलों के वृणों से
डरना नहीं ।
नियति के वरदान से
लड़ना नहीं।
हर चरण पर
रक्त रंजित लेख लिखना।
जूझना,
गिरना,
तड़प कर दौड़ जाना।
हर जलन
हर टीस को
चुपचाप सहना।
साथ की
आशा न करना।
और सुख को,
निर्दयी छलना समझना।
कहो मेरे मित्र?
यह सब कर सकोगे??
साथ मेरे
इस सुपथ पर
चल सकोगे? ? ?
मोह के आबंधनों से
बच सकोगे?
गुदगुदे अवलंबनों को
तज सकोगे?
जानता हूँ।
जानता हूँ तुम कभी
सहमत न होंगे ।
मार्ग के व्यवधान से
निश्चित डरोगे।
लौट जाओ,
भिन्न है
“पथ बोध”
अपना।
भुक्त, यह अनुभूति
तुमको
लग रही
विकराल सपना।
घाव मेरे, बन गए,
मेरी प्रतिष्ठा।
इन्हीं से पोषित हुई है
आत्म निष्ठा।
नियति का दासत्व तज
पुरुषार्थ मय
जीवन बनाना।
ऋचाओं के साथ हवि हो
स्वयं को
समिधा बनाना।
ना,
मेरे उद्विग्न साथी,
तुम कभी
सहमत न होंगे।
यज्ञ से निश्चित डरोगे।
लौट जाओ ।
मैं
अकेला ही बढूंगा।
स्वयं को स्वाहा करूँगा,
अग्नि आलिंगन करूँगा,
ज्वाल जिव्हा पर चढूंगा।
किन्तु ,
तुम से फिर कहूँगा।
क्या?
क्या, मुझे
छू भी सकोगे?
तुम कभी
सीमोल्लघंन कर सकोगे?
इस कंटीले मार्ग पर
तुम चल सकोगे ??
ना,
मेरे पथ बंधु,
अब तुम लौट जाओ।
गुदगुदे आधार पर,
कमल के अवलंबनों में
ठौर पाओ।
मित्र मेरे,
बंधु मेरे ,
भाई मेरे ,
लौट जाओ ,
लौट जाओ।
लौट जाओ।
