
सीमा पण्ड्या
उज्जैन म.प्र.
ख़ुशी से चहकते हुए शुभी घर में घुसी और सासु माँ सुधा के पैर छूकर बोली- “आपके आशीर्वाद से मैं चयनित हो गयी माँ! और पता है, इस फ़ैक्ट्री की मैं पहली महिला अधिकारी बनूँगी। अभी तक केवल पुरुष अधिकारी ही कार्य करते थे यहाँ ।”
सुधा ने शुभी की पीठ ठोंकते हुए कहा- “शाबाश बहू.., मुझे यही उम्मीद थी।”
गपशप करने आई पडोसन बोली – “ सुधा, तुम इतने सारे आदमियों के बीच नौकरी करने भेजोगी अपनी बहू को?”
सुधा- “हाँ, तो क्या?”
पडोसन-“ अरे……, इन पराये मर्दों का क्या भरोसा?”
सुधा- “ बिलकुल ठीक कहा बहन,
लेकिन अपनी बहू पर हमें पूरा भरोसा है।”
“निश्चित रुप से वो इस फ़ैक्ट्री की सर्वश्रेष्ठ अधिकारी बनकर दिखाएगी।”
पडोसन-“अरे लेकिन इतनी संपन्नता है तो फिर बहू से नौकरी करवाने की ज़रूरत ही क्या है?”
सुधा-“ क्योंकि वो प्रतिभाशाली है और अपनी योग्यता का उपयोग करना चाहती है।”
पड़ोसन व्यंग्यात्मक लहजे में – “अच्छा, तो फिर गृहकार्य कौन करेगा? तुम?”
सुधा-“ मिल-जुलकर, साथ ही एक सहायिका और नियुक्त कर लेंगे लेकिन उसकी प्रतिभा का हनन बिलकुल नहीं होने देंगे। योग्यता की कद्र करने से ही हमारे समाज और देश की उन्नति होगी।”
