वर्तिका ज्वलन

वर्तिका ज्वलन
जीवन प्रकाश आर्य
ज्योति पर्व,
नव सश्येष्टि पर्व पर मन की आभा से अतिरिक्त शब्दोर्मि स्वीकारें।
ज्योति पथ के
ओ, पथिक
तुमको नमन है।
यह दिवाली ,
दीप का ही स्तवन है।
स्वात्मजा, प्रिय वर्तिका को
नेह, अंतर का पिला कर।
तमस के प्रतिकार में,
प्रस्तुत किया,
मस्तक जला कर।
इस अनोखे त्याग को
लक्ष-लक्ष सादर वन्दन है।
ओ पथिक …..
दीप से स्नेह पा कर
वर्तिका जलती रही।
तमस के साम्राज्य से
एकाकिनी लड़ती रही।
कौन जाने, इस समर में
कैसी तपन, कैसी जलन है?
ओ, पथिक…..
माटी का यह दीप ,
धरा की संरचना है।
अग्नि में तप कर,
सुदृढ, सक्षम बना है ।
निशिव्यापी इस घोर तिमिर में
यह आभा का उद्दीपन है।
ओ, पथिक……
हृदय में नैराश्य गहरा
जगत् में तम का बसेरा।
सूर्य, संध्या में तिरोहित,
हो गगन में, श्याम पहरा ।
भोर होने तक लडूंगा,
दीप का यह प्रखर प्रण है ।
ओ, पथिक….
अनुकरण मेरा न करना
ज्वलित बाती बोलती है।
मनुज मात्र के अग्नि तत्व को
स्वयं जल कर तौलती है।
तिल-तिल कर तुम जल न सकोगे
मेरा तो जलना जीवन है।
ओ, पथिक…….
