इंगोरिया पुलिस की गुंडों, निगरानी बदमाशों एवं चाकूबाजों पर सख्त निगरानी
विशेष चेकिंग अभियान के दौरान 16 बदमाशों की परेड

उज्जैन। जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा असामाजिक एवं आपराधिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण करणदीप सिंह एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी बड़नगर महेंद्र परमार के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में गुंडों, निगरानी बदमाशों एवं चाकूबाजों के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में थाना प्रभारी इंगोरिया दीपेश व्यास के नेतृत्व में थाना क्षेत्र के निगरानी बदमाशों, गुंडों एवं चाकूबाजों की विशेष चेकिंग की गई। अभियान के दौरान कुल 06 निगरानी बदमाश, 08 गुंडे एवं 02 चाकूबाज, कुल 16 बदमाशों को थाना इंगोरिया पर उपस्थित कराया गया।
थाना परिसर में सभी की विधिवत परेड कराई गई तथा प्रत्येक व्यक्ति के संबंध में गुज़र-बसर रजिस्टर में आवश्यक इंद्राज किया गया। इसके अतिरिक्त सभी को भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों, शांति भंग करने, अवैध हथियार रखने, मारपीट, धमकी, शराब सेवन कर उपद्रव करने अथवा अन्य गैरकानूनी कार्यों में संलिप्त नहीं होने की सख्त समझाइश दी गई। उन्हें स्पष्ट रूप से चेतावनी दी गई कि यदि भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाते हैं तो उनके विरुद्ध वैधानिक एवं कठोर कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
चेकिंग के दौरान दो चाकूबाज बदमाशों की गतिविधियां संदिग्ध पाए जाने पर उनके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की गई।



