प्रतिवर्ष 155 करोड़ की निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं और साढ़े पांच हजार कुशल चिकित्सकों को तैयार कर चुका है गार्डी मेडिकल कॉलेज

उज्जैन। अपनी स्थापना के साथ ही आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज स्वास्थ्य सेवा में उल्लेखनीय योगदान देने के साथ ही समाज सेवा के दायित्व को बखूबी निभा रहा है। यह बात आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. वी.के. महाडिक ने कॉलेज की स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित पत्रकार वार्ता में कही।
डॉ.महाडिक ने बताया कि आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज एवं उससे संबद्ध अस्पतालों ने स्थापना से अभी तक एक करोड़ 20 लाख से अधिक मरीजों का उपचार किया है जिसमें अधिकांश ग्रामीण है। कॉलेज द्वारा प्रतिवर्ष 155 करोड़ से अधिक की निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं मालवा के गरीब वंचित और जरूरतमंद लोगों को प्रदान की गई है। आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज में न्यूरो सर्जरी, यूरोलॉजी, नेत्र रोग, शल्य चिकित्सा, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी,स्त्री एवं प्रसूति रोग, बाल रोग, ऑर्थोपेडिक्स एंड ज्वाइंट रिप्लेसमेंट सहित त्वचा रोग, श्वसन रोग,जनरल सर्जरी, मैक्सिलोफैशियल सर्जरी जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध है।
डॉ.महाडिक ने बताया कि सामाजिक दायित्व के तहत 60 गांव जिनकी जनसंख्या 92 हजार है को गोद लेकर स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गई। डॉट्स थेरेपी के माध्यम से अधिकांश गांव टीबी मुक्त बने। हमारी सेवाओं के चलते मातृ शिशु मृत्यु दर भी कम हुआ है।
डॉ.महाडिक ने बताया कि कॉलेज निर्माण के समय परिसर में गिने चुने वृक्ष थे, हमने लगभग 5000 पेड़ परिसर में लगाए हैं साथ ही कॉलेज द्वारा 200 किलोमीटर क्षेत्र में कैंप भी लगाए जाते हैं जिसके तहत झाबुआ आगर सहित कई स्थानों पर स्वास्थ्य कैंप संपन्न हुए है।
डॉ.महाडिक ने बताया कि कॉलेज में 17 विषयों में पोस्ट ग्रेजुएशन कराया जा रहा है तथा एमबीबीएस की सीटों की संख्या 150 है साथ ही ऑर्गन ट्रांसप्लांट का लाइसेंस भी कॉलेज को मिल चुका है। कॉलेज में 20 अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर है। कॉलेज की स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ वरिष्ठ भाजपा नेता स्वर्गीय कुशाभाव ठाकरे सहित स्वामी विश्वात्मा जी भी ले चुके हैं।
डॉ.महाडिक ने बताया कि आगामी 25 तारीख को कॉलेज में नाद ब्रह्म कन्वेंशन सेंटर का शुभारंभ मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव करेंगे। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ सत्यनारायण जटिया करेंगे। टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल के डॉक्टर कुमार प्रभाश मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
पत्रकार वार्ता में प्रोफेसर डॉक्टर मंगल डॉक्टर राठौड़ सहित डीन डॉ.मिलिंद शिरालकर आदि उपस्थित रहे।



