बिल गिरने पर कांग्रेस का जश्न क्रूरता पूर्ण: पूर्व मंत्री अर्चना चिटनीस

उज्जैन। नारी शक्ति वंदन विधेयक गिरा कर राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्षी दलों ने भारत की बहनों के साथ शर्मनाक कुठाराघात किया है, परिवारवादी दल नहीं चाहते हैं कि महिलाएं कर्णधार बने। यह बात पूर्व मंत्री प्रदेश भाजपा प्रवक्ता अर्चना चिटनीस ने पत्रकार वार्ता में कही।
पूर्व मंत्री विपक्षी दलों पर जमकर बरसी और कहा कि बिल पारित होने पर आम बहन बेटियों को भी राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर मिलता। यह स्वर्णिम सीढ़ी थी जिसे देश मे उत्तर दक्षिण की राजनीति कर रही कांग्रेस ने क्रियान्वित नहीं होने दिया।
पूर्व मंत्री ने कहा कि इस बिल के पारित होने से किसी भी प्रदेश के साथ अन्याय नहीं होता क्योंकि लोकसभा या विधान सभा सीटें आनुपातिक रूप से बढ़ती।
आपने कहा हम महिलाओं की बातें कर रहे थे और विपक्ष जात-पात की बात कर रहा था। आज उच्च तथा तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में 43% महिलाएं गौरवान्वित कर रही है और कांग्रेस महिलाओं के हित की हर योजना का विरोध करता है। जब हमने लाडली बहना योजना प्रारंभ की तो कांग्रेस ने कहा यह केवल चुनाव तक सीमित रहेगी, यह योजना आज भी सफलतापूर्वक चल रही है एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इसकी राशि में वृद्धि करने की स्पष्ट मंशा जाहिर कर चुके हैं क्योंकि भाजपा नेतृत्व जो कहता है वह करता है।
पूर्व मंत्री ने कहा कि बिल पारित नहीं होने से महिलाएं आक्रोशित है क्योंकि कांग्रेस ने महिलाओं को सिर्फ वोट बैंक को समझा था, उससे हटकर महिलाओं को यथोचित सम्मान दिया जा सकता था परंतु उसके विपरीत बिल गिरने पर कांग्रेस का जश्न क्रूरता पूर्ण था।
पत्रकार वार्ता में नगर निगम सभापति श्रीमती कलावती यादव, भाजपा नेत्री प्रमिला यादव, नीना चौहान, महापौर मुकेश टटवाल ,विधायक अनिल जैन कालुहेड़ा भाजपा नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल, महामंत्री आनंद सिंह खींची, जगदीश पांचाल,कमलेश बैरवा,पूर्व विधायक राजेंद्र भारती,प्रवक्ता राकेश पंड्या, दिनेश जाटवा, कल्याण शिवहरे,विवेक गुप्ता आदि उपस्थित थे।



