श्री महाकालेश्वर भस्म आरती में भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं होगा नवागत कलेक्टर ने दी चेतावनी
फ्रीगंज ओवर ब्रिज सहित सिंहस्थ के सभी कार्य समय सीमा में पूरे होंगे

उज्जैन। फ्रीगंज ओवर ब्रिज, रेलवे स्टेशन- महाकाल रोपवे सहित सिंहस्थ के सभी कार्य अपने निर्धारित समय सीमा में पूर्ण होंगे, श्री महाकालेश्वर भस्म आरती में भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं होगा। यह बात नवागत उज्जैन कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान कही। कलेक्टर ने कहा भाग्यशाली हूं कि मुझे महाकाल की नगरी में दोबारा सेवा का अवसर प्राप्त हुआ है। आपने कहा कि उज्जैन की ख्याति पूरे विश्व में है उसी के अनुरूप श्रद्धालु यहां से नगर की अच्छी छवि लेकर जाए। हम उज्जैन जिले को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास करेंगे। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि मैंने अपने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सोशल मीडिया के जरिए ज्ञात समस्याओं पर भी नजर रखें और उनके निराकरण के प्रयास करें। श्री सिंह ने कहा कि मीडिया के सुझावों पर भी फोकस किया जाएगा। कलेक्टर ने कहा कि हमारा प्रयास रहेगा की अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति को भी योजना का लाभ मिले। कलेक्टर श्री सिंह ने पत्रकारों से प्राप्त सुझावों को क्रियान्वित करने हेतु आश्वस्त किया।