मुख्यमंत्री ने 370 करोड़ रुपए की राशि के 11 कार्यों का भूमिपूजन किया

-दुनिया देखेगी सिंहस्थ 2028 का वैभव
-आने वाले समय में उज्जैन के प्रमुख मंदिरों का भी विस्तारीकरण किया जाएगा
-सिंहस्थ के सारे निमार्णकार्य गुणवत्तापूर्ण किए जाए
-मुख्यमंत्री डॉ यादव ने नवरात्रि पर उज्जैन को विकास कार्यों की सौगात दी
उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार दोपहर उज्जैन पहुंचे और विभिन्न कार्यक्रमों में सम्मिलित होने के बाद पुलिस कंट्रोल रूम के समीप बनने वाले नए कलेक्टर, एसपी कार्यालय भवन के भूमि पूजन सहित 11 निर्माण कार्यों के भूमि पूजन के लिए पहुंचे यहां अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंहस्थ 2028 का वैभव दुनिया देखेगी ,आने वाले समय में उज्जैन के प्रमुख मंदिरों का भी विस्तारीकरण किया जाएगा । उज्जैन का समय बदला है जिला कार्यालय एक ही छत के नीचे होने चाहिए इसलिए नवीन सात मंजिला कलेक्टर कार्यालय भवन का निर्माण किया जाएगा। नवरात्रि पर मां हरसिद्धी और भगवान श्री महाकाल की कृपा से आज उज्जैन को लगभग 370 करोड़ रुपए की लागत राशि के 11 विकास कार्यों की सौगात दी जा रही है।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि दुनिया सिंहस्थ 2028 में भारतीय संस्कृति का वैभव देखेगी। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि सिंहस्थ 2028 के लिए अभी कुछ समय पूर्व 2675 करोड़ रुपए की लागत राशि से 33 प्रमुख कार्यों को मंजूरी दी गई है।सिंहस्थ 2028 के लिए क्षिप्रा नदी पर लगभग 30 किलोमीटर लंबे सुविधायुक्त नवीन घाटों का निर्माण किया जा रहा है साथ ही पुराने घाटों का उन्नयन कर 24 घंटे में लगभग 5 करोड़ श्रद्धालुओं के स्नान की व्यवस्था की जा रही है । क्षिप्रा नदी पर ब्रिजों की श्रृंखलाओं का निर्माण किया जा रहा है बहुत जल्द मेट्रो ट्रेन भी उज्जैन में आएगी।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि उन्होंने कहा कि कृषकों के लिए सरकार द्वारा भावांतर योजना लागू कर लगभग 35 लाख किसानों से अधिक को लाभ दिया जा रहा है।
सिंहस्थ के लिए साधु-संतों की इच्छानुसार सभी कार्य हो रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सिंहस्थ में क्राउड मैनेजमेंट, मध्यप्रदेश और उज्जैन की कनेक्टिविटी बढ़ाने की दिशा में विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
क्षिप्रा नदी पर 77 करोड़ से अधिक की लागत से बनने वाले 4 नए पुलों की सौगात मिली है जिससे आने वाले दिनों में हमारी मोक्षदायिनी क्षिप्रा मैया पुलों वाली नदी भी कहलाएंगी। यह उज्जैन की काया पलटने वाले विकास कार्य हैं जो सिंहस्थ 2028 को दिव्य बनाएंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भूमि पूजन करने के बाद कार्यक्रम के प्रारंभ में नवरात्री के पावन अवसर पर कन्याओं का पूजन किया। तत्पश्चात मुख्यमंत्री ने दीप दीपन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नवरात्री के पावन अवसर पर 369.11 करोड रुपए की लागत 11 निर्माणकार्यों का भूमिपूजन किया
लगभग 135 करोड़ रुपये की लागत से उज्जैन में बन रहा संयुक्त प्रशासनिक भवन लोक-कल्याण और सुशासन का उदाहरण बनेगा। यह अत्याधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर से युक्त होगा यह 7 मंजिला नवीन संयुक्त प्रशासनिक भवन 134.97 करोड़ रुपये की लागत से हर सुविधा में सुसज्जित होगा। इसके साथ ही अधिकारियों के लिए नवीन आवासीय भवनों का भूमिपूजन किया जा रहा है।
इसी तरह ई.एफ.जी.एच. एवं आई टाईप के आवास गृहों के निर्माण के लिए 32.05 करोड़ ,लोकनिर्माण विभाग के द्वारा कार्तिक चौक से शंकराचार्य चौराहा रोड (छोटा पुल) क्षिप्रा नदी पर पुल के निर्माण के लिए 27.06 करोड़ ,लालपुल के डाउन स्ट्रीम में रेल्वे पुल के समानांतर क्षिप्रा दी पर नवीन 4 लेन पुल निर्माण के लिए 17.69 करोण, काल भैरव मंदिर से गढकालिका मार्ग (ओखलेश्वर) को जोडने वाले मोजूदा पुल के समानांतर क्षिप्रा नदी पर नवीन टू लेन पुल के निर्माण के लिए 13.96 करोड, एम.आर 24 इन्दौर मार्ग से चिंतामन रेल्वे स्टेशन मार्ग पर क्षिप्रा नदी पर नवीन 4 लेन पुल निर्माण के लिए 15.86 करोड, उज्जैन शहर की और आने वाले प्रमुख मार्गों पर शहर से 10 कि.मी. दुरी पर नवीन विश्राम गृह निर्माण कार्य (नरवर,चंदुखेडी,नजरपुर,ताजपुर,सोडंग एवं पंथपिपलई) 20.64 करोड, केंद्रीय जेल उज्जैन में आवास गृहों के निर्माण कार्यों के लिए 19.18 करोड़ ,100 बिस्तरीय सिविल अस्पताल माधवनगर का 200 बिस्तरीय सिविल अस्पताल भवन में उन्नयन / निर्माण कार्य के लिए 24.08 करोड , मुल्लापुरा में 50 कक्षों के नवीन सर्किट हाउस निर्माण के लिए 49.10 करोड तथा पंचक्रोशी यात्रा मार्ग के 06 पड़ाव एवं उप पड़ाव पर सुविधा केंद्र निर्माण कार्य (डोम ,शौचालय एवं रसोईघर) के लिए 14.52 करोड़ रुपए के निर्माण कार्यों का भूमि पूजन किया गया।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद बालयोगी उमेशनाथ जी महाराज ,महापौर मुकेश टटवाल, सभापती श्रीमती कलावती यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कमला कुंवर,उपाध्यक्ष श्रीमती शिवानी कुंवर ,पूर्व विधायक राजेन्द्र भारती, संजय अग्रवाल ,श्री रुप पमनानी, आनंद सिंह खिची विशाल राजौरिया , जगदीश पांचाल,ओम जैन , कलेक्टर रौशन कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा, नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।